गढ़वा के रंका में जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत, परिजनों ने तत्काल 1 लाख की सहायता मांगी
Gadhwa : रंका थाना क्षेत्र के सिंजो गांव में शुक्रवार अहले सुबह जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। मृतक की पहचान सिंजो गांव निवासी इंद्रदेव यादव (50 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे इंद्रदेव यादव घर से बाहर शौच के लिए निकले थे। इसी दौरान गांव के आसपास पहले से विचरण कर रहे एक जंगली हाथी ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रंका थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
वन विभाग की ओर से रेंजर अजय टोप्पो के माध्यम से मृतक के आश्रितों को तत्काल एक लाख रुपये की अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराई गई।
गौरतलब है कि वन विभाग ने गुरुवार रात ही रंका पश्चिमी वन प्रक्षेत्र के सिंजो, सेराशाम, खरडीहा और सेमरखांड़ क्षेत्र में जंगली हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया था। इसके बावजूद शुक्रवार तड़के यह दुखद घटना हो गई। वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने और हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।



