25 नामजद और 100 अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज, चियांकी में फोरलेन सड़क निर्माण में भूमि अधिग्रहण मामले में हुए विवाद का मामला
Palamu : मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के चियांकी गांव में फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए भूमि अधिग्रहण के दौरान प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।सदर अंचल अधिकारी (सीओ) जागो महतो के आवेदन पर सदर थाना में 25 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बता दे कि प्रशासनिक टीम पुलिस बल के साथ भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने चियांकी पहुंची थी। इस दौरान ग्रामीणों ने जबरन जमीन अधिग्रहण का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और धक्का-मुक्की के बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई।घटना में जैप जवान राजमोहन सिंह, महिला सहायक पुलिसकर्मी प्रिया सिंह और पुलिसकर्मी मोहम्मद जावेद घायल हो गए। साथ ही दो मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।
ग्रामीण पक्ष का आरोप है कि प्रशासन ने लाठीचार्ज कराया, जिसमें चिंता देवी, सुनील उरांव और सुरेश उरांव घायल हो गए।जिनका ईलाज मेदिनीनगर mmch मे जारी है। गौरतलब है कि संभावित विवाद को देखते हुए सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय पांडेय ने पहले ही 9 और 10 जुलाई के लिए चियांकी क्षेत्र में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी थी। फिलहाल पूरे इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुरक्षा व्यवस्था के बीच भूमि अधिग्रहण का कार्य जारी है।



