दो युवकों ने फांसी लगाकर दी जान

Ranchi : झारखंड के जमशेदपुर शहर में दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई आत्महत्या की घटनाओं ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मानगो और बिरसानगर में 23 वर्षीय तथा 19 वर्षीय दो युवकों ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों ही अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पहली घटना मानगो थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर की है, जहां 23 वर्षीय पीयूष कुमार का शव शुक्रवार शाम घर में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। परिजनों के अनुसार पीयूष गुजरात की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। करीब एक माह पहले वह अपने माता-पिता और बहन के साथ जमशेदपुर आया था तथा यहीं नौकरी की तलाश कर रहा था। परिवार का कहना है कि लगातार नौकरी नहीं मिलने के कारण वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव में उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

दूसरी घटना बिरसानगर थाना क्षेत्र के विजय गार्डेन गेट नंबर-2 की है। यहां 19 वर्षीय रोहित गोप का शव शनिवार सुबह घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों की सूचना पर बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि रोहित एनटीटीएफ, गोलमुरी में तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहा था और जल्द ही उसकी नौकरी लगने की संभावना थी। वह भी परिवार का इकलौता बेटा था। परिवार के लोगों का कहना है कि रोहित ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों से पूछताछ करने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!