Jharkhand : युवक-युवती का शव बरामद, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका

Ranchi : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-लोटापहाड़ रेलखंड पर सोमवार सुबह युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान सोनुआ थाना क्षेत्र के भालूरूंगी गांव निवासी युवक और युवती के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है।

घटना सोनुआ रेलवे स्टेशन के समीप रेल ट्रैक पर हुई। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर युवक और युवती के क्षत-विक्षत शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस, रेलवे पुलिस तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक बैग बरामद हुआ, जिसमें कपड़े और ट्रेन के तीन टिकट मिले। टिकट सोनुआ से राउरकेला, राउरकेला से पुरी तथा टाटानगर से चक्रधरपुर तक के थे। इसके अलावा मृत युवक की जेब से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों की पहचान सुनिश्चित की।

सोनुआ थाना प्रभारी शशिबाला भेंगरा ने बताया कि मृत युवक और युवती दोनों भालूरूंगी गांव के निवासी थे। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच लंबे समय से संबंध होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

रेलवे पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच जारी है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!