Jharkhand में जल्द होगी डॉक्टरों की बहाली, साहिया को मिलेगा टैब, स्वास्थ्य मंत्री ने किया ऐलान

Ranchi : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम), नामकुम स्थित सभागार में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की उच्चस्तरीय समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने, सहियाओं को समय पर प्रोत्साहन राशि का भुगतान सुनिश्चित करने और उन्हें जल्द टैब उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मंत्री ने कहा कि एनएचएम कर्मियों को जल्द ईपीएफ का लाभ मिलेगा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सहियाओं को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि में देरी की समीक्षा करते हुए डॉ. अंसारी ने भुगतान समय पर सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने भविष्य में राज्य सरकार की विशेष प्रोत्साहन राशि सीधे राज्य मुख्यालय से भेजने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि भुगतान प्रक्रिया सरल और पारदर्शी हो। सहियाओं को जल्द टैब उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

मंत्री ने संविदा स्वास्थ्यकर्मियों के मानदेय भुगतान की प्रक्रिया में सुधार के लिए एचआईआरएस के माध्यम से राज्य मुख्यालय स्तर से भुगतान की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने एनएचएम कर्मियों को ईपीएफ का लाभ देने के लिए आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने को भी कहा।

स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के रिक्त पदों की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र नियुक्ति की दिशा में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त चिकित्सकीय मानव संसाधन के बिना लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना कठिन है।

मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान प्रभावित मरीजों को मच्छरदानी उपलब्ध कराने और रोकथाम की गतिविधियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। मंत्री ने कम वित्तीय व्यय वाले कार्यक्रमों की विशेष निगरानी, बजट के समुचित उपयोग और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्वास्थ्य योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और क्षेत्रीय फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, स्वास्थ्य अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित विभाग के कई अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!