Palamu DIG ने Gadhwa SP Office में किया समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण के दिए निर्देश
Palamu : पलामू के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) किशोर कौशल ने शुक्रवार को गढ़वा एसपी कार्यालय का दौरा किया। कार्यालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।इस दौरान डीआईजी ने जिले में दुर्गापूजा के मद्देनजर विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, पूजा पंडालों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया।

डीआईजी ने अपराध नियंत्रण को लेकर भी पुलिस पदाधिकारियों को सख्त एवं सक्रिय रहने को कहा। उन्होंने नियमित गश्ती बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने तथा अपराध की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही त्योहार के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया।उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्गापूजा के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों का त्वरित समाधान किया जाए। डीआईजी ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।पुलिस उप-महानिरीक्षक श्री किशोर कौशल ने गढ़वा जिले के विभिन्न थानों में दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन को लेकर सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान विशेष रूप से पोक्सो एक्ट, साइबर एक्ट, आर्म्स एक्ट एवं एससी/एसटी एक्ट से संबंधित दर्ज कांडों के शीघ्र निष्पादन पर जोर दिया गया।
डीआईजी ने निर्देश दिया कि उक्त अधिनियमों से संबंधित मामलों की जांच में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा सभी कांडों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अनुसंधान की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने को कहा।इसके अलावा पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध संचालित विभागीय कार्यवाही एवं विभागीय जांच को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया गया। डीआईजी ने कहा कि विभागीय मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और संबंधित पदाधिकारी समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करें।डीआईजी ने थानों में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों को अपने कर्तव्यों का पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता से निर्वहन करने का निर्देश दिया। कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही पाए जाने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन तथा पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।




