
अवैध अंग्रेजी शराब भारी मात्रा में बरामद, पांच गिरफ्तार
Latehar: पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर लातेहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने धान की भूसी से भरे 12 चक्का ट्रक में छुपाकर ले जाई जा रही शराब की खेप को जब्त किया है।इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड मौके से फरार हो गया।जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय उच्च पथ से अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) संदीप कुमार गुप्ता के नेतृत्व में रांची-मेदिनीनगर राष्ट्रीय उच्च पथ पर सासंग मोड़ के समीप चंदवा थाना पुलिस द्वारा सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।इसी दौरान चंदवा की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो कार (ओडी-23एच-7878), एक क्रेटा कार (जेएच-01जीए-4979) तथा उनके पीछे चल रहे 12 चक्का ट्रक (आरजे-19जीके-7002) को बैरिकेडिंग कर रोका गया।
पशु चारा एवं धान की भूसी की आड़ में अवैध अंग्रेजी शराब छुपाकर ले जाते हुए पकड़े गए तस्कर।

तलाशी के दौरान ट्रक में पशु चारा एवं धान की भूसी की आड़ में अवैध अंग्रेजी शराब छुपाकर ले जाते हुए पकड़ा गया।वहीं दोनों कारों की डिक्की से भी अवैध शराब बरामद की गई।छापेमारी के दौरान गिरोह का मुख्य सरगना रंजीत यादव उर्फ गोलू, पिता परमेश्वर यादव, निवासी सेंरेंदाग, थाना हेरहंज, जिला लातेहार तथा ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहे।पुलिस ने मौके से सूरज कुमार (लुकइया मोड़, चंदवा), प्रकाश कुमार रवानी (नीमियाघाट, गिरिडीह), राम कुमार पांडेय (विष्णुगढ़, हजारीबाग), गौतम कुमार अलौदिया (चंदवा) तथा छोटू कुमार यादव (सेंरेंदाग, हेरहंज) को गिरफ्तार किया।बरामद सामान में दोनों कारों से 180 एमएल की 15 पेटी अंग्रेजी शराब तथा ट्रक से 200 बोरी धान की भूसी, रॉयल चैलेंज अंग्रेजी शराब की 180 एमएल की 290 पेटी, ऑल सीजन गोल्डन की 180 एमएल की 699 पेटी, मैकडॉवेल की 180 एमएल की 20 पेटी एवं 750 एमएल की 20 पेटी शराब शामिल है।छापेमारी अभियान में एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, पुअनि राकेश कुमार महतो, संतदेव कुमार, अजीत कुमार, सअनि राज कुमार दास, चंदवा थाना के सशस्त्र बल तथा सैट-209 सिकनी पिकेट के जवान शामिल थे।





