उपायुक्त ने जिला खनन कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

लातेहार : उपायुक्त संदीप कुमार ने सोमवार को जिला खनन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेख संधारण तथा राजस्व संग्रहण व्यवस्था की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पंजीयों एवं अभिलेखों का अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लेखा पंजी, उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी तथा राजस्व से संबंधित अभिलेखों की हुई गहन जांच।

उपायुक्त ने लेखा पंजी, उपस्थिति पंजी, आगत-निर्गत पंजी तथा राजस्व से संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की। उन्होंने राजस्व वसूली की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय में अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर सतत निगरानी रखने और इससे संबंधित कार्रवाई को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की बात कही।

सीजीएलएम केंद्र (तृतीयक पृथक्करण केंद्र एवं स्टोरेज यूनिट) तथा सीजीएलएम केंद्र (द्वितीय पृथक्करण केंद्र) का निरीक्षण।

उपायुक्त ने बहुउद्देशीय भवन स्थित सीजीएलएम केंद्र (तृतीयक पृथक्करण केंद्र एवं स्टोरेज यूनिट) तथा स्टेडियम परिसर स्थित सीजीएलएम केंद्र (द्वितीय पृथक्करण केंद्र) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अपशिष्ट पृथक्करण, भंडारण और स्वच्छता प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उपायुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा केंद्रों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्य पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ शहर निर्माण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसलिए सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से संचालित किए जाएं।
मौके पर जिला खनन पदाधिकारी नदीम सफी, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा श्रेयांश तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!