
खिलाड़ी मेहनत और लगन से खेलें, राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें जिले का नाम : एसडीओ दिनेश कुमार

Latehar : जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित एलपीएल का फाइनल मुकाबला रविवार को लातेहार फाइटर और लातेहार सुपर किंग के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लातेहार फाइटर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 229 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
एलपीएल फाइनल में लातेहार फाइटर ने सुपर किंग को 65 रन से हराया
टीम की ओर से धनंजय पांडेय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 100 रन बनाए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी लातेहार सुपर किंग की टीम 18 ओवर में 164 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह लातेहार फाइटर ने 65 रनों से शानदार जीत दर्ज कर एलपीएल का खिताब अपने नाम किया।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। धनंजय पांडेय को मैन ऑफ द मैच और गौरव पाल को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया। वहीं रौनक दूबे को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा कुमार सानू को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मिला।विजेता टीम को 21 हजार रुपये और उपविजेता टीम को 15 हजार रुपये की पुरस्कार राशि सांसद कालीचरण सिंह की ओर से दी गई। अतिथियों ने विजेता, उपविजेता सहित बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कप देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार तथा भारत सरकार के रूफ एंड ब्रिज विभाग के स्वतंत्र निदेशक सह अधिवक्ता प्रदीप कुमार उपाध्याय मौजूद रहे। अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लातेहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें, यही उनकी शुभकामना है।अतिथियों ने कहा कि क्रिकेट के इस महासमर में जिले के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार, पूर्व जिला परिषद सदस्य रामदेव सिंह, संघ के उपाध्यक्ष अनिल सिंह, विष्णु गुप्ता, सुरेंद्र प्रसाद, सचिव अमलेश सिंह, दीपक पांडेय, आनंद सिंह, दिलीप कुमार, शैलेश कुमार, कौशल पांडेय, गौरव दास समेत बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।





