
खेत जुताई करने के दौरान ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत
Latehar : सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत इंचाक पंचायत के दोगिला गांव में खेत जोतने के दौरान ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय राजू उरांव, पिता लूथर उरांव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, राजू उरांव सुबह यूसुफ मियां का ट्रैक्टर लेकर दोगिला गांव में खेत जोतने गया था। इसी दौरान ट्रैक्टर एक गड्ढे में फंस गया। ट्रैक्टर को निकालने के प्रयास में उसके आगे के दोनों पहिए उठ गए और देखते ही देखते ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में राजू उरांव ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि राजू लाली गांव का रहने वाला था और करीब एक माह पहले ही कुसमाटांड़ आकर रह रहा था। वह अपने पीछे तीन साल की एक बेटी छोड़ गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही लातेहार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





