खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना विकसित करता है : अविनाश देव
Palamu : पाटन प्रखंड के सिक्की मेराल गांव में सोहराय पूजा के अवसर पर करमा पूजा समिति की ओर से स्वतंत्रता सेनानी युग्गा सिंह एवं चतरगुण सिंह कप फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ युवा नेता एवं समाजसेवी अविनाश देव ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल पर किक मारकर और टॉस उछालकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।
इस मौके पर अविनाश देव ने कहा कि खेल का मैदान सिर्फ जीत-हार का मंच नहीं, बल्कि एकता, अनुशासन और समतामूलक समाज के निर्माण की पाठशाला है। फुटबॉल जैसे खेल में जाति, धर्म और ऊंच-नीच का कोई स्थान नहीं होता। मैदान में खिलाड़ी की पहचान उसके खेल, मेहनत और टीम भावना से होती है।

उन्होंने कहा कि पहले अभिभावक बच्चों को खेल से दूर रहने की सलाह देते थे, लेकिन आज खेल सम्मान, रोजगार और बेहतर करियर बनाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। प्रतिभाशाली खिलाड़ी खेल के दम पर देश-दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने चिंता जताई कि मोबाइल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण युवा वास्तविक खेल के मैदान से दूर होते जा रहे हैं। युवाओं को स्क्रीन पर खेलने के बजाय मैदान में उतरकर शारीरिक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेल हमें सामूहिक प्रयास, आपसी विश्वास और सहयोग की सीख देता है। जीत किसी एक खिलाड़ी के प्रयास से नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत से मिलती है। यही भावना समाज और राष्ट्र निर्माण में भी जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं। गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच देने की है।
अविनाश देव ने आयोजन समिति को इस पहल के लिए बधाई दी और सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मौके पर करमा पूजा समिति के सदस्य, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



