गांधी जयंती पर 11वीं बटालियन सीआरपीएफ़ की मानवीय पहल, पौधरोपण के साथ जवानों ने किया रक्तदान

Sanjay prajapati @united palamu

Latehar: महात्मा गांधी जयंती एवं राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर 11वीं बटालियन सीआरपीएफ की ओर से शुक्रवार को किनामाड़ स्थित सीआरपीएफ कैंप में पौधरोपण एवं स्वैच्छिक रक्तदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ मानव सेवा का संदेश देना रहा।

कार्यक्रम में 11वीं बटालियन के कमांडेंट रवि कुमार के मार्गदर्शन में डॉ. अमूल्य कुजूर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, द्वितीय कमान अधिकारी रवीन्द्र चरण मिश्र, द्वितीय कमान अधिकारी पितवास पंडा, उप कमांडेंट अनिल कुमार, सहायक कमांडेंट राजीव कुमार समेत अन्य अधिकारी एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस दौरान जवानों ने कैंप परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लेने की बात कही। कार्यक्रम में ग्लोबल वार्मिंग जैसी पर्यावरणीय चुनौतियों से निपटने में वृक्षों के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

इसी क्रम में स्थानीय सरकारी अस्पतालों एवं रेडक्रॉस सोसाइटी के समन्वय से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

इस अवसर पर कमांडेंट रवि कुमार ने कहा कि सीआरपीएफ का प्रत्येक जवान देश की आंतरिक सुरक्षा एवं राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहता है। रक्तदान के माध्यम से समाज के प्रति मानवीय जिम्मेदारी निभाने का अवसर मिलता है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में सहायक हो सकता है।

11वीं बटालियन सीआरपीएफ की इस पहल की स्थानीय समुदाय ने सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और मानव सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!