चैनपुर : पांच महीने से वेतन नहीं मिलने पर चौकीदारों में आक्रोश
अंचलाधिकारी को दो दिनों का अल्टीमेटम; भुगतान नहीं होने पर उपायुक्त से करेंगे शिकायत
palamu ; चैनपुर थाना क्षेत्र में कार्यरत चौकीदारों को पिछले पांच महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके बीच भारी नाराजगी देखी जा रही है। वेतन भुगतान में हो रही देरी से परेशान चौकीदारों ने चैनपुर थाना परिसर में एकजुट होकर अपनी नाराजगी जाहिर की और जल्द से जल्द बकाया वेतन भुगतान कराने की मांग की।

इस दौरान चौकीदारों ने चैनपुर अंचलाधिकारी से स्पष्ट रूप से मांग की कि अगले दो दिनों के भीतर उनके पांच महीने का बकाया वेतन भुगतान कराया जाए। चौकीदारों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिनों के अंदर वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे अपनी समस्या लेकर पलामू उपायुक्त के पास जाएंगे और न्याय की गुहार लगाएंगे।
चौकीदारों का कहना है कि पर्व-त्योहार के समय भी वेतन नहीं मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। घर का खर्च चलाने से लेकर बच्चों की जरूरतें पूरी करने तक में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि बैंक से लिए गए लोन की किस्त जमा करने के लिए लगातार फोन आ रहे हैं, लेकिन जब पांच महीने से वेतन ही नहीं मिला है, तो आखिर किस्त कैसे जमा करें?वेतन भुगतान की मांग करने वाले चौकीदारों में रमेश पासवान, अरुण कुमार, करीमुद्दीन अंसारी, संजय राम, जावेद अंसारी, संतोष कुमार मांझी, बलजीत कुमार, रामनरेश मांझी, मनु मांझी, ज्वाला मांझी, अनूप कुमार, मुकेश कुमार, मुनी मांझी, महेश मांझी, नंदू मांझी एवं संतोष पासवान सहित अन्य चौकीदार शामिल थे।
सभी चौकीदारों ने चैनपुर अंचलाधिकारी से दो दिनों के अंदर बकाया वेतन भुगतान कराने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में भुगतान नहीं होने पर वे पलामू उपायुक्त के समक्ष अपनी फरियाद रखेंगे। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और चौकीदारों को उनका पांच महीने का बकाया वेतन कब तक मिल पाता है।




