
तीन किमी पर टोल वसूली गलत, छूट नहीं मिली तो आंदोलन: दीपक राज
दुबियाखाड़ टोल प्लाजा पर बरवाडीह वासियों को राहत देने की उठी मांग
लातेहार:दुबियाखाड़ टोल प्लाजा पर टोल वसूली शुरू होने के बाद बरवाडीह प्रखंड के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरवाडीह से डालटनगंज आने-जाने वाले अधिकांश लोगों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर महज लगभग 3 किलोमीटर ही सफर करना पड़ता है। आगे भी बरवाडीहवासियों को इसी सीमित दूरी तक इस मार्ग का उपयोग करना है, इसके बावजूद उनसे पूरा टोल टैक्स लिया जा रहा है, जो पूरी तरह अनुचित है। बरवाडीह व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि दीपक राज ने कहा कि बरवाडीह के लोग इलाज, शिक्षा, बाजार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए प्रतिदिन डालटनगंज जाते हैं। ऐसे में छोटी दूरी तय करने वाले लोगों पर अतिरिक्त टोल का बोझ डालना जनहित के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य अभी कई हिस्सों में अधूरा है, फिर भी टोल वसूली शुरू कर दी गई है, जिससे लोगों में असंतोष है। दीपक राज ने मांग की है कि बरवाडीह प्रखंड सहित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर दायरे में आने वाले स्थानीय लोगों को तत्काल टोल टैक्स से छूट दी जाए। उन्होंने कहा कि इस विषय को माननीय सांसद कालीचरण सिंह के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और क्षेत्र की जनता को राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा। यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो बरवाडीहवासी शांतिपूर्ण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।





