देवरी कला में दामाद की संदिग्ध मौत, पिता ने छह लोगों पर दर्ज कराई प्राथमिकी
Dr. Satendra Chandel @ Husenabad-palamu
हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र के देवरी कला गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब कानूनी जांच के दायरे में पहुंच गया है। हैदरनगर थाना क्षेत्र के चचरिया गांव निवासी 28 वर्षीय रंजीत कुमार के पिता बुधन राम की शिकायत पर छह लोगों के विरुद्ध हुसैनाबाद थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कांड संख्या -171 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राथमिकी के अनुसार, रंजीत कुमार 28 जुलाई 2026 को अपनी ससुराल देवरी कला गया था। वहीं उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के पिता ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पुत्र के साथ ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मारपीट, गाली-गलौज और दुर्व्यवहार किया जाता था। उनका कहना है कि रंजीत जब भी पत्नी को लाने ससुराल जाता था, उससे पैसा ले लिया जाता था और मारपीट कर अगली बार आने को कहकर वापस भेज दिया जाता था। इस संबंध में रंजीत ने पहले भी अपने परिजनों को जानकारी दी थी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि घटना वाले दिन परिजनों को फोन कर बताया गया कि रंजीत ने जहर खा लिया है और उसे घर ले जाने की बात कही गई। कुछ देर बाद दोबारा सूचना मिली कि उसकी मौत हो चुकी है। इसके बाद परिजन हुसैनाबाद अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार में व्यस्त रहने के कारण देरी से देवरी ओपी में आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर हुसैनाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
दर्ज प्राथमिकी में मृतक की पत्नी रिया देवी, चाची सास गंगिया कुंवर, साला अजय राम, उसकी पत्नी अलखी देवी, ससुर लक्ष्मण राम तथा अशोक राम को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सभी ने मिलकर रंजीत के साथ प्रताड़ना और दुर्व्यवहार किया, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हुआ और कथित रूप से जहर खा लिया। उन्होंने दोषियों की गिरफ्तारी एवं निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इधर, पुलिस का कहना है कि प्राथमिकी के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य, फॉरेंसिक एवं अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।रंजीत कुमार की मौत से परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। वहीं, पूरे क्षेत्र की नजर अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है। गौरतलब है कि प्राथमिकी में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी सत्यता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।




