धुरकी : युवक की पीट-पीटकर हत्या, दूल्हे को चश्मा पहनाने को लेकर बढ़ा विवाद

Ranchi : गढ़वा जिला अंतर्गत धुरकी थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा दक्षिण गांव निवासी धर्मन यादव के घर से बारात डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव स्थित लक्ष्मण यादव के यहां गई थी। नाश्ता-पानी के बाद जनवासा में दूल्हा दीपक यादव के आसपास रिश्तेदारों और दोस्तों की भीड़ जुटी हुई थी। इसी दौरान दूल्हे के रिश्ते में मामा का बेटा रविंद्र यादव दूल्हे को चश्मा पहनाने का प्रयास कर रहा था, जबकि दूल्हा बार-बार इससे इंकार कर रहा था।

मौके पर मौजूद सोनडीहा गांव निवासी मुकेश यादव ने इस बात का विरोध करते हुए कहा कि जब दूल्हा चश्मा नहीं पहनना चाहता, तो उसे जबरन क्यों पहनाया जा रहा है। इसी बात को लेकर रविंद्र यादव और मुकेश यादव के बीच कहासुनी शुरू हो गई। हालांकि उस समय उपस्थित बारातियों ने बीच- बचाव कर मामला शांत करा दिया।लेकिन कुछ देर बाद मौका पाकर रविंद्र यादव ने मुकेश यादव पर हमला कर दिया। देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया और जनवासा स्थल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

आरोप है कि रविंद्र ने मुकेश को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।ग्रामीणों की मदद से घायल मुकेश को इलाज के लिए डंडई अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई।

सुबह जब मुकेश का शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के परिजनों ने धुरकी थाना में आरोपी रविंद्र यादव पुत्र कामेश्वर यादव, निवासी धूमा, थाना विंढमगंज, जिला सोनभद्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।

सूचना मिलते ही धुरकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया। इस संबंध में धुरकी थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।घटना के बाद क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

इस दौरान पूर्व जीप सदस्य नंदगोपाल यादव, प्रखंड प्रमुख अजय साव, बीरबल मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, सोनडीहा मुखिया प्रतिनिधि हनुमंत कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!