
नौडीहा बाजार : संदिग्ध परिस्थितियों में 30 वर्षीय महिला की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Palamu : पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगरा डीह गांव में 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान श्रीशन भुइया की पत्नी रजनी देवी के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार रजनी देवी सोमवार को बाजार से लौट रही थीं और इसके बाद उन्हें एक शादी समारोह में शामिल होने जाना था। इसी बीच घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद वह अचानक अचेत हो गईं। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए छत्तरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया,।जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर एमएमसीएच रेफर कर दिया गया।मेदिनीनगर पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने के बाद अस्पताल पुलिस चौकी की टीम ने शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया।फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी। वहीं, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।




