
पलामू के भू माफियायों और अपराधियों को झारखंड के वित्त मंत्री ने किया खबरदार, कहा : डराने-धमकाने की प्रवृत्ति बर्दाश्त से बाहर
Palamu : झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने पलामू जिले में एक कार्यक्रम के दौरान जिले में सक्रिय भूमि माफियाओं और आपराधिक तत्वों को भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि शक्ति और दबाव के बल पर लोगों को डराने-धमकाने की प्रवृत्ति किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ न केवल पलामू पुलिस बल्कि राज्य सरकार भी सख्त कार्रवाई करेगी।

मंत्री ने कहा कि जो लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था में विश्वास नहीं रखते और आपराधिक गतिविधियों के माध्यम से अपना प्रभाव स्थापित करना चाहते हैं, उन्हें अपने तौर-तरीके बदलने होंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि पलामू में अपराध और अवैध कब्जे की राजनीति के लिए कोई स्थान नहीं है तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि 2018 में नावाजयपुर के चेतमा क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस पिकेट की स्थापना की गई थी। हाल ही में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे थे, जहां जवानों ने भीषण गर्मी और पेयजल की समस्या से उन्हें अवगत कराया था। इसी के मद्देनजर वित्त मंत्री यहां एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के कई अधिकारी, जवान तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



