पलामू में जनगणना 2027 का डोर-टू-डोर सर्वे 16 मई से, प्रगणक पूछेंगे 33 प्रकार की जानकारियां

Palamu : जनगणना 2027 के तहत पलामू जिले में स्व-गणना की प्रक्रिया 15 मई को समाप्त हो जाएगी।जिले में साढ़े पांच हजार से अधिक लोगों ने ऑनलाइन माध्यम से स्व-गणना में भाग लिया। अब 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक जिलेभर में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।इस दौरान प्रारंभिक पांच दिनों तक प्रगणक अपने-अपने क्षेत्र का मैप लेआउट तैयार करेंगे, भवनों का भौतिक सत्यापन करेंगे तथा हाउस नंबरिंग का कार्य करेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर मोबाइल ऐप के माध्यम से जानकारी दर्ज करेंगे।सर्वे के दौरान आम लोगों से कुल 33 प्रकार की जानकारियां ली जाएंगी।

इनमें भवन नंबर, जनगणना भवन संख्या, मकान के फर्श, दीवार और छत में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग, मकान की स्थिति, परिवार क्रमांक, परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम एवं लिंग, अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित जानकारी, परिवार स्वामित्व की स्थिति, उपलब्ध कमरों की संख्या, विवाहित दंपत्तियों की संख्या, पेयजल का स्रोत एवं उपलब्धता, प्रकाश का मुख्य स्रोत, शौचालय की उपलब्धता एवं प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नानघर की उपलब्धता, रसोईघर तथा एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन की स्थिति, खाना पकाने में उपयोग होने वाला मुख्य ईंधन, रेडियो, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप/कंप्यूटर, मोबाइल फोन/स्मार्ट फोन, साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप, वैन, परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य अनाज एवं मोबाइल नंबर जैसी जानकारियां शामिल हैं।

जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने एचएलबी क्षेत्र की सीमा, सड़कों, भवनों एवं प्रमुख स्थलों का सत्यापन करेंगे तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि, छूट या दोहराव नहीं होने देंगे। सुपरवाइजर एवं चार्ज ऑफिसर लगातार इस कार्य की निगरानी करेंगे।

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिससे विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार होती है। उन्होंने आम लोगों से सर्वे टीम को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया ताकि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक और पारदर्शी तरीके से पूरा हो सके।उपायुक्त श्री शेखावत ने यह भी स्पष्ट किया कि डोर-टू-डोर सर्वे के दौरान किसी भी व्यक्ति से बैंक खाता, एटीएम,ओटीपी,आधार कार्ड या पैन कार्ड से संबंधित जानकारी नहीं मांगी जाएगी। यदि कोई व्यक्ति ऐसी जानकारी मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!