
पुलिस की अंतरराज्यीय समन्वय बैठक, अपराध नियंत्रण पर बनी रणनीति

Latehar : महुआडांड़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में गुरुवार, 2 जुलाई 2026 को सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक का संयुक्त नेतृत्व महुआडांड़ (झारखंड) के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा कुसमी (छत्तीसगढ़) के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने किया। बैठक में सीमावर्ती कुसमी थाना एवं करौंधा थाना के थाना प्रभारियों ने भी भाग लिया।
बैठक के दौरान झारखंड और छत्तीसगढ़ की सीमा से जुड़े क्षेत्रों में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही उग्रवादी गतिविधियों से संबंधित खुफिया सूचनाओं के संकलन एवं उनके पारस्परिक साझाकरण को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना का तत्काल आदान-प्रदान सुनिश्चित करने, संयुक्त अभियान चलाने तथा दोनों राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर सहमति जताई। बैठक में कहा गया कि अंतरराज्यीय सहयोग को और मजबूत कर सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार समन्वित प्रयास किए जाएंगे।




