
महिला की धारदार हथियार से हत्या, जांच में जुटी पुलिस
Ranchi : कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया के मिटको कॉलोनी में गुरुवार को एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटनास्थल कोडरमा थाना क्षेत्र में आता है।
मृतका की पहचान नेहा राज (30) के रूप में की गई है। घटना की जानकारी देते हुए मृतका के पड़ोसी उमेश पंडित ने बताया कि मृतका का पुत्र स्कूल से जब दोपहर में घर लौटा और वैन से उतरकर जैसे ही कमरे में प्रवेश किया तो वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा और दौड़कर घर से बाहर की ओर भागा। उसकी चीख सुनकर लोग उसके पास पहुंचे।

उसने लोगों से बताया कि उसकी मां के गले से खून बह रहा है और वह कुछ बोल नहीं पा रही है। इसके बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना उनके पति शंभु राणा को दी। शंभू को इसकी सूचना मिलते ही उन्होंने अपने साथियों को इसकी सूचना देकर जल्द से जल्द घर जाने को कहा। सूचना मिलते ही उमेश पंडित सहित अन्य लोग शम्भू के घर पहुंचे और महिला को लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा थाना प्रभारी विकास कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनिल कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे और मामले को लेकर लोगों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला है।
उन्होंने कहा कि मामले की सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मृतका के परिजनों से इस मामले में पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि मृतका नेहा के पति शंभू राणा बिच्छीपहरी के रहने वाले हैं और अब झुमरीतिलैया में घर बनाकर परिवार के साथ घर उनके रह रहे थे।



