
मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें, नहीं तो होगी शख्त कार्रवाई : कमिश्नर
- मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के वार्षिक एवं आवधिक रख-रखाव कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति हेतु
कमिश्नर ने की बैठक
Palamu : पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय की अध्यक्षता में मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में वार्षिक एवं आवधिक रख-रखाव कार्यों के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने संबंधी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर की विभिन्न आधारभूत सुविधाओं, भवनों, विद्युत व्यवस्था, जलापूर्ति, शौचालय, स्वच्छता, चिकित्सा उपकरणों तथा अन्य आवश्यक सेवाओं के रखरखाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रख-रखाव से संबंधित सभी प्रस्तावों का तकनीकी एवं वित्तीय पहलुओं के आधार पर समुचित परीक्षण सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संपादित किया जाए।

आयुक्त ने कहा कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आने वाले मरीजों तथा चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए भवनों एवं अन्य संसाधनों का नियमित रखरखाव अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने तथा गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने सख्त हिदायत देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त एवं सुव्यवस्थित कर लिया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह स्वयं मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की जांच करेंगी। यदि निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाई गई तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने रखरखाव कार्यों से संबंधित प्रस्तावों एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्रस्तुत की। बैठक के दौरान कार्यक्षमता एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर भी विचार-विमर्श किया गया।




