
युवक की गोली मारकर हत्या, छाती में लगी गोली; इलाके में सनसनी
लातेहार: जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत बालू पंचायत के कलकलिया टोला में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कलकलिया निवासी रामेश्वर उरांव (42), पिता मनते उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।जानकारी के अनुसार, रामेश्वर उरांव शुक्रवार रात खाना खाने के बाद गांव के कुछ लोगों के साथ जंगल में शिकार खेलने गए थे। इसी दौरान पंचायत के मुखिया पति संतु उरांव को बलदेव उरांव का फोन आया। फोन पर उसने बताया कि उससे गलती हो गई है और एक व्यक्ति को गोली लग गई है। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। सूचना मिलते ही परिजन, ग्रामीण और पुलिस उसकी तलाश में जुट गए।काफी खोजबीन के बाद गांव के समीप जंगल में महुआ पेड़ के नीचे रामेश्वर उरांव का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।सूचना पर बालूमाथ थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की छाती में गोली लगी थी। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।




