
लोहा प्लेट चोरी कर भाग रहा टाटा मैजिक जब्त
Latehar: बारियातू थाना क्षेत्र के मनातू स्थित त्रिवेणी कंपनी के साइडिंग से करीब एक टन लोहे की प्लेट चोरी कर भाग रहे टाटा मैजिक वाहन (जेएच 01 एफबी 2091) को बारियातू पुलिस ने पीछा कर जब्त कर लिया।
इस संबंध में पुलिस अवर निरीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि त्रिवेणी कंपनी के साइडिंग से लोहे की प्लेट चोरी कर टाटा मैजिक वाहन से ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर मनातू पिकेट अंतर्गत बारियातू-टंडवा मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान उक्त टाटा मैजिक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया। हालांकि, चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने टाटा मैजिक को जब्त कर मनातू पिकेट लाया। मामले में बारियातू थाना कांड संख्या 57/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2), 317(5), 3(5) एवं 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है। अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक अनूप कुमार, मनातू पिकेट प्रभारी कमलाकांत हजन एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





