
वन भूमि पर पट्टा की मांग को लेकर जनाधिकार मंच का डीएफओ कार्यालय के समक्ष धरना
Latehar : जिले के सभी प्रखंडों के ग्रामीणों ने वन भूमि पर पट्टा देने की मांग को लेकर मंगलवार को लातेहार स्थित डीएफओ कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। जनाधिकार मंच के बैनर तले आयोजित धरना में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
धरना के दौरान जनाधिकार हुंड्रा गांव के महासचिव सह पलामू प्रमंडल की सदस्य गेंदिया देवी ने कहा कि लातेहार जिले के ग्रामीणों के पूर्वज वर्ष 2005-06 से जंगल की जमीन पर खेती-बाड़ी करते आ रहे हैं और कई परिवारों ने वहां अपने घर भी बना लिए हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जंगल की जमीन पर निर्भर ग्रामीणों को वनाधिकार कानून के तहत वन पट्टा दिया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर ग्रामीण धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जंगल और जमीन पर ग्रामीणों का पारंपरिक अधिकार रहा है और उनके अधिकारों को सुनिश्चित किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर पात्र परिवारों को वनाधिकार पट्टा देने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लालमोती नाथ शाहदेव, कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुनेश्वर उरांव, समाजसेवी सेलिस्टीन कुजूर, धोती फादर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनाधिकार मंच के सदस्य मौजूद थे।





