हुसैनाबाद में मचा अफरा-तफरी, रेल यात्रियों की जान बाल-बाल बची
मेदिनीनगर।हुसैनाबाद पूर्व मध्य रेलवे के डेहरी ऑन सोन–गढ़वा रेलखंड स्थित जपला रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब यात्रियों की भीड़ रेलवे पटरी पार कर रही थी और इसी दौरान दूसरी पटरी पर मालगाड़ी पहुंच गई। जानकारी के अनुसार, 53611 डीजीआर पैसेंजर ट्रेन से प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर उतरने के बाद दर्जनों यात्री फुट ओवरब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय सीधे रेलवे पटरी पार करने लगे। इसी बीच दूसरी पटरी पर तेज गति से मालगाड़ी आती दिखाई दी।

मालगाड़ी को सामने देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग आनन-फानन में पटरी से हट गए। इस दौरान बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। बताया जा रहा है कि हुसैनाबाद के कर्पूरी मैदान में इन दिनों काली कंबल वाले बाबा का दरबार लगा हुआ है, जिसके कारण जपला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। घटना के बाद यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पटरी पार करने वाले यात्रियों पर रोक लगाने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष इंतजाम किए जाने की मांग की है।
यात्रियों का कहना है कि यदि समय रहते मालगाड़ी को देखकर लोग पटरी से नहीं हटते, तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। रेलवे प्रशासन को ऐसे संवेदनशील समय में स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और यात्रियों को जागरूक करने की जरूरत है।




