हुसैनाबाद : हथकड़ी-रस्सी समेत थाना परिसर से फरार आरोपी ने कोर्ट में किया सरेंडर, जेल भेजा गया
Palamu : हुसैनाबाद थाना परिसर से हथकड़ी और रस्सी समेत पुलिस हिरासत से फरार हुआ बाइक चोरी का आरोपी आखिरकार पुलिस की लगातार दबिश के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इसकी पुष्टि हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने की है।

जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 198/2026, दिनांक 29 सितंबर 2026 में धारा 303(2) बीएनएस के अप्राथमिकी अभियुक्त रितेश कुमार सिंह (19), पिता अनिल सिंह, ग्राम पिपरा बगाही, थाना कुटुंबा, जिला औरंगाबाद (बिहार) को गिरफ्तार कर 1 अक्टूबर की सुबह करीब 4:15 बजे थाना लाया गया था। उसे हाजत में रखा गया था।
बताया गया कि गुरुवार सुबह करीब 8:10 बजे रितेश ने पेट में तेज दर्द होने की शिकायत की। इलाज के लिए उसे हथकड़ी और रस्सी के साथ हाजत से बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान उसने सुरक्षा में तैनात चौकीदार को धक्का दिया और हथकड़ी-रस्सी समेत थाना परिसर से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने में सफल रहा।
घटना के बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और दबिश शुरू की। पुलिस की बढ़ती कार्रवाई से घिरे आरोपी ने आखिरकार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



