
अविराम कॉलेज में शोकसभा: रूपी सोरेन व नाना पाटेकर को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

Latehar : चंदवा स्थित अविराम कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड नर्सिंग परिसर में एक शोकसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की धर्मपत्नी व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन तथा भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने दिवंगत आत्माओं के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित फार्मेसी कॉलेज के प्रिंसिपल-इन-चार्ज हम्माद रज़ा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “नाना पाटेकर केवल एक उत्कृष्ट अभिनेता ही नहीं थे, बल्कि एक समर्पित समाजसेवी भी थे।
उन्होंने ‘नाम फाउंडेशन’ के माध्यम से सूखाग्रस्त क्षेत्रों के किसानों और बेसहारा परिवारों के लिए जो काम किया, वह अनुकरणीय है। उनका सादा जीवन और समाज के प्रति समर्पण नई पीढ़ी के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उनका जाना कला और समाज दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है।”वहीं, नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल अनमोल शिल्पी एक्का ने रूपी सोरेन के योगदान को याद करते हुए कहा, “रूपी सोरेन झारखंड के संघर्षपूर्ण इतिहास और सामाजिक ताने-बाने का एक मजबूत स्तंभ थीं। उन्होंने हमेशा एक आदर्श अभिभावक के रूप में समाज और परिवार को संबल दिया। उनका संघर्ष, ममता और सादगी भरा व्यक्तित्व हम सभी को सदैव प्रेरित करता रहेगा।”
इस शोक सभा में संस्थान के अन्य प्राध्यापक, शिक्षकेतर कर्मचारी और फार्मेसी व नर्सिंग के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में दोनों विभूतियों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।




