हैदरनगर: 4 माह के बच्चे का हत्यारा पिता-पुत्र गिरफ्तार

Palamu : हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिन्दुबिगहा गांव में पुलिया पर बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। धारदार हथियार से हुए हमले में चार माह के मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी समेत उसके पिता को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।

पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 2 जुलाई 2026 की शाम करीब 8:30 बजे गांव निवासी चितरंजन कुमार पासवान उर्फ शिवम और फगुनी पासवान के पुत्र अतुल पासवान व आनंद पासवान के बीच घर के पास पुलिया पर बैठने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद चितरंजन घर गया और धमकी देते हुए धारदार बलुआ/फरसा लेकर वापस आया। इसके बाद उसने दीपक पासवान, उनकी पत्नी रूपा देवी तथा उनके चार माह के बच्चे प्रिंस कुमार पर हमला कर दिया।

हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार माह के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दीपक पासवान और रूपा देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले एमएमसीएच डालटनगंज और बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर किया गया।घटना के संबंध में हैदरनगर थाना कांड संख्या-54/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 118(2), 351(3), 352 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने छापेमारी कर चितरंजन कुमार पासवान उर्फ शिवम (29 वर्ष) एवं उसके पिता तुलसी पासवान (62 वर्ष) को बिन्दुबिगहा गांव से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बलुआ/फारसा भी बरामद कर लिया गया है।यह कार्रवाई हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में की गई। टीम में थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान मनौवर, एसआई धनंजय कुमार गोप, एसआई अशोक कुमार राम सहित हैदरनगर थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!