हैदरनगर रेल फाटक पर गेटमैन से मारपीट मामले में वाहन चालक समेत अन्य आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज
Palamu : हैदरनगर रेलवे फाटक संख्या 51/ई/एसपीएल पर ड्यूटी कर रहे गेटमैन के साथ मारपीट के मामले में हैदरनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। फाटक बंद होने के दौरान गेट खोलने को लेकर हुए विवाद में मारपीट का आरोप लगाया गया है।

घटना में घायल रेलकर्मी रविकांत मेहता ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। घायल को मेदिनीनगर बेहतर इलाज हेतु रेफर कर दिया गया है।पीड़ित गेटमैन रविकांत मेहता, उम्र 29 वर्ष, पिता सुरेश मेहता, बेल बिगहा टोला धावाबार, हुसैनाबाद निवासी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 25 अगस्त की रात करीब 10:25 बजे वह रेलवे फाटक पर ड्यूटी कर रहे थे। स्टेशन मास्टर की ओर से मालगाड़ी के लिए सिग्नल दिए जाने के कारण फाटक बंद था। इसी दौरान कुछ युवक वाहन लेकर पहुंचे और गेट खोलने का दबाव बनाने लगे।रविकांत मेहता के अनुसार, उन्होंने युवकों को बताया कि मालगाड़ी गुजरने के करीब पांच मिनट बाद ही सुरक्षा के दृष्टिकोण से फाटक खोला जाएगा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि युवकों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। उसमें एक युवक अपना नाम हिमांशु सिंह बता रहा था। शिकायत में वाहन का नंबर जेएच-03-एएफ-9532/34 बताया गया है। पीड़ित ने वाहन की पहचान कर चालक समेत मारपीट में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में हैदरनगर थाना पुलिस ने गेटमैन की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस वाहन नंबर और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। मामले की जांच जारी है।रेलवे फाटक पर ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं।रेलकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान अनावश्यक दबाव और अभद्रता पर रोक लगाने की मांग की है।




