
अवैध मादक पदार्थों की खेती नहीं करने को लेकर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान

Latehar : पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर गुरुवार को बालूमाथ थाना क्षेत्र के शल्यपुर गांव में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों से अफीम एवं गांजा जैसे मादक पदार्थों की अवैध खेती नहीं करने की अपील की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अफीम की अवैध खेती करना कानूनन अपराध है और इसके लिए सजा का प्रावधान है। यदि कहीं अवैध रूप से मादक पदार्थों की खेती की जा रही है, तो इसकी सूचना स्थानीय मुखिया, पुलिस या प्रशासन को दें।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें यातायात नियमों का पालन करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने की हिदायत दी गई। इसके अलावा मद्य निषेध, बाल मजदूरी, डायन प्रथा उन्मूलन, साइबर अपराध से बचाव, स्वच्छता और आपातकालीन सेवा डायल 112 की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और जागरूक नागरिक बनकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की।





