
एनटीपीसी कोल परियोजना के विरोध में ग्रामीणों ने उपायुक्त को सौंपा आवेदन
लातेहार: बालूमाथ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गेरेंजा गांव के ग्रामीणों ने एनटीपीसी कोल परियोजना के तहत प्रस्तावित 1 जून 2026 को आयोजित होने वाली पर्यावरण प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जनसुनवाई को अविलंब रद्द करने की मांग को लेकर उपायुक्त लातेहार को आवेदन सौंपा।ग्रामीणों ने आवेदन में कहा कि कोल ब्लॉक परियोजना लागू होने से हजारों ग्रामीणों के विस्थापित होने का खतरा उत्पन्न हो जाएगा। उनका कहना है कि परियोजना के कारण वे अपने घर, जमीन और आजीविका से वंचित हो जाएंगे। इसी कारण क्षेत्र के ग्रामीण एनटीपीसी कोल परियोजना का विरोध कर रहे हैं।ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देता है और उन्हें न्याय नहीं मिलता है, तो वे अपनी पारंपरिक व्यवस्था के तहत जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए आंदोलन को बाध्य होंगे।ग्रामीण प्रतिनिधि शंकर उरांव ने कहा कि यदि कंपनी और प्रशासन मिलकर जनसुनवाई को रद्द नहीं करते हैं, तो 25 मई 2026 को एनएच-22 को पूरी तरह जाम किया जाएगा। इसके बावजूद भी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो जनसुनवाई के दिन क्षेत्र के ग्रामीण गोलबंद होकर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का घेराव करेंगे तथा चरणबद्ध आर-पार आंदोलन चलाया जाएगा।उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और पुलिस प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब जनसुनवाई रद्द कर ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान करने की मांग की है।आवेदन सौपने वाले में महिला पुरुष सैंकड़ो लोग शामिल हैं।





