
ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप के तहत फील्ड विजिट एवं चौपाल का आयोजन
Latehar : झारखंड ग्रासरूट इनोवेशन इंटर्नशिप योजना के अंतर्गत रविवार को हेरहंज पंचायत के ग्राम चुकू एवं हेरहंज में फील्ड विजिट कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम के दौरान बनवारी साहू महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं इंटर्नशिप मेंटर डॉ. नरेश कुमार पांडे (भूगोल विभाग) ने हेरहंज की मुखिया प्रीति कुजूर एवं मुखियापति सह पूर्व मुखिया विश्वनाथ उरांव से पंचायत भवन में विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद ग्राम चुकू में ग्रामीणों के साथ चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें गांव के बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों एवं अन्य ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनके रहन-सहन, कृषि कार्यों में हो रही प्रगति, जंगली जड़ी-बूटियों के पारंपरिक उपयोग, वन उत्पादों के महत्व, स्थानीय कलाकृतियों, पर्व-त्योहारों तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों से संबंधित जानकारी एकत्र की गई।इस अवसर पर विद्यार्थियों की टीम में ऋषि पासवान, प्रकाश उरांव, कार्तिक उरांव एवं गुड़िया कुमारी शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद पारंपरिक ज्ञान, नवाचार एवं सांस्कृतिक विरासत का अध्ययन कर उसे दस्तावेजीकृत करना था।



