चैनपुर के करसो में छापेमारी के दौरान बवाल, अधिकारी और कथित दलाल से मारपीट
Palamu : पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के करसो में छापेमारी के दौरान एक अधिकारी और एक कथित दलाल के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।बताया जाता है कि एक डस्ट लदे हाईवा को रोककर चालान की जांच की जा रही थी। इसी दौरान वाहन की चाबी निकालने और चालक से एक लाख रुपये की मांग किए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आक्रोशित ग्रामीणों ने अधिकारी और कथित दलाल के साथ मारपीट कर दी।

घटना के बाद दोनों मौके से भाग निकले।मिली जानकारी के अनुसार, करसो में अधिकारी और एक कथित दलाल एक साथ छापेमारी कर रहे थे। इसी दौरान डस्ट लदा एक हाईवा वाहन बॉडी की ओर जा रहा था। अधिकारियों ने वाहन को रोककर चालक से चालान मांगा। चालक ने चालान प्रस्तुत कर दिया। इसी बीच कथित दलाल ने वाहन की चाबी निकाल ली और चालक से एक लाख रुपये की मांग करने लगा।बताया जाता है कि रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया।
इस दौरान आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने अधिकारी और कथित दलाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर दोनों किसी तरह वहां से निकल गए।घटना के बाद मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। सूत्रों के अनुसार, मामले को आपसी समझौते के जरिए सुलझाने की कोशिश की जा रही है। मारपीट में शामिल कुछ लोगों को वरीय अधिकारियों ने प्रखंड कार्यालय में बुलाया है।
हालांकि, मामले में किसी आधिकारिक समझौते या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।घटना ने छापेमारी के दौरान कथित दलालों की भूमिका और वाहन चालकों से अवैध वसूली के आरोपों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की ओर से आधिकारिक बयान सामने आने का इंतजार है और तभी घटना की स्वतंत्र पुष्टि हो पायेगी।




