छत पर सोए 2 लोगों की गोली मार कर हत्या, बिहार के रोहतास जिले की घटना
Rohtas : बिहार में रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेदा-बनरसिया गांव में सोमवार अलसुबह लगभग तीन बजे छत पर सोए दो लोगों की अपराधियों ने गोलीमार हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार 40 वर्षीय मणि भूषण कुमार और 40 वर्षीय ननकी देवी की गोलीमार हत्या की गई है। मृतका ननकी देवी बेदा-बनरसिया गांव की रहने वाली थी। मृतका के पुत्र अभिषेक कुमार ने बताया कि आज सोमवार की तड़के छत पर से गोली चलने की आवाज सुनाई देने के बाद मैं कमरे से बाहर निकला, तो कुछ लोग अंधेरे में छत पर से उतरते नजर आए। इसके बाद वे सभी दरवाजा खोलकर बाहर की तरफ भाग गए। इसके बाद छत पर जाने के बाद देखा की दोनों लोग की मौत हो चुकी है।
घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मुफस्सिल थानाध्यक्ष राजीव रंजन सिंह ने घटना की पुष्टि की है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों पता लगाने में जुटी हुई है।




