झारखंड में भारी बारिश से नदियां उफान पर, राज्य के कई इलाकों में जलभराव
Ranchi : झारखंड और इससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में बने निम्न दबाव के कारण राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है।

मंगलवार को स्कूली बच्चों और आम लोगों को आवागमन तथा दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ा।रांची के अपर बाजार, पंडरा, हरमू, विद्यानगर, पंचशीलनगर, धुर्वा, चुटिया, कोकर, डोरंडा और अशोक नगर समेत कई इलाकों में सड़कों और घरों में बारिश का पानी जमा हो गया। नामकुम में स्वर्णरेखा नदी उफान पर है। चुटिया और नामकुम के बीच स्थित पुल के नीचे से करीब एक फीट नीचे पानी बह रहा है। जर्जर पुल को लेकर आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गई है।मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगस्त में अब तक राज्य में अच्छी बारिश हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की बारिश महीने में दो-तीन बार हो जाए तो कृषि कार्य और पेयजल की स्थिति के लिए यह लाभकारी होगी।उन्होंने बताया कि मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक 110 मिलीमीटर बारिश बेड़ो में दर्ज की गई। रांची के हीनू और कांके में 55-55 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक 203 मिलीमीटर बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर में दर्ज हुई।




