
झारखंड : 26 जून तक बारिश और वज्रपात की चेतावनी
Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में इन दिनों गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिनभर चल रही गर्म हवाओं और वातावरण में नमी के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।

हालात ऐसे हैं कि नहाने के कुछ ही देर बाद शरीर दोबारा पसीने से तर-बतर हो जा रहा है। राजधानी रांची सहित कई जिलों में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान हैं।इस बीच मौसम विभाग ने राज्यवासियों के लिए राहत और सावधानी दोनों की सूचना जारी की है। विभाग के अनुसार, 26 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
साथ ही कई क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। संभावित मौसमीय गतिविधियों को देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक वर्षा पलामू जिले के लेस्लीगंज क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां 84 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
हालांकि कुछ क्षेत्रों में बारिश होने के बावजूद अधिकांश जिलों में गर्मी और उमस का प्रभाव बरकरार है।मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और स्थानीय मौसमीय परिस्थितियों के प्रभाव से आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में वर्षा की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने तथा मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी है।




