
ट्रेड लाइसेंस नहीं मिलने पर मुर्गी विक्रेता की दुकान सील
Latehar : नगर पंचायत लातेहार द्वारा मंगलवार को नगर पंचायत क्षेत्र के डुरुआ में ट्रेड लाइसेंस की जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान ट्रेड लाइसेंस नहीं पाए जाने पर मोहम्मद रफीक अंसारी, जो मुर्गी व्यवसाय से जुड़े हैं, की दुकान को सील कर दिया गया।
नगर पंचायत की टीम ने संबंधित व्यवसायी को आवश्यक दस्तावेज एवं ट्रेड लाइसेंस शीघ्र बनवाने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ट्रेड लाइसेंस तथा मांस एवं मछली विक्रेताओं की जांच आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।
नगर पंचायत ने सभी संबंधित व्यवसायियों से निर्धारित नियमों के अनुरूप ट्रेड लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की अपील की है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि जांच के दौरान आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर संबंधित दुकानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





