दिसोम गुरु की प्रतिमा का अनावरण के साथ ही किनामाड़ चौक को मिलेगा नया नाम

Latehar : झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं जननायक दिसोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर 4 अगस्त को लातेहार जिला मुख्यालय स्थित किनामाड़ चौक पर उनकी भव्य प्रतिमा एवं स्मारक का अनावरण किया जाएगा। इसके साथ ही इस स्थल का नाम “स्वर्गीय देसोम गुरु शिबू सोरेन चौक” रखा जाएगा।

शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला अध्यक्ष लाल मोतीनाथ शाहदेव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए लाल मोतीनाथ शाहदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में लातेहार को एक ऐतिहासिक सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि देसोम गुरु की प्रतिमा और स्मारक झारखंड आंदोलन के इतिहास, संघर्ष और बलिदान की याद को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि 4 अगस्त का समारोह केवल प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह झारखंड की अस्मिता, स्वाभिमान और संघर्ष के प्रतीक देसोम गुरु शिबू सोरेन को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित करने का अवसर होगा।

समारोह में राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, झामुमो के जिला एवं केंद्रीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल होंगे। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। जिला अध्यक्ष ने जिलेवासियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!