
दोनों कान में ब्लूटूथ लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहा था युवक, अचानक ट्रेन आ जाने से कटकर हुई मौत
Ranchi : झारखंड के गोड्डा-हंसडीहा रेल लाइन नवडीहा शीतला स्थान के समीप ट्रेन से काटकर 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना सोमवार देर शाम की है। मृतक युवक की पहचान नवडीहा गांव निवासी मुनीलाल राय के पुत्र अमरनाथ राय के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि युवक रेलवे ट्रैक पर दोनों कान में ब्लूटूथ लगाकर जा रहा था।पीछे से ट्रेन आ रही थी। ट्रेन की आने की आवाज वह नहीं सुन पाया और ट्रेन की चपेट में आ गया। घटनास्थल पर ही युवक की मृत्यु हो गई।

बगल मैदान में मृतक की बहन होमगार्ड की तैयारी को लेकर दौड़ लगा रही थी। जब घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हुई तो लोगों की भीड़ को देखते हुए मृतक की बहन दौड़ती हुई घटनास्थल पहुंची। उसने घटना की जानकारी तुरंत परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




