धनबाद में हुआ भू-धसान, जमीन में समा गया 20 घर
Dhanbad (jharkhand)
धनबाद में भू-धसान की बड़ी घटना सामने आई है। कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे अचानक हुए भू-धसान से लगभग 20 से अधिक घर जमींदोज हो गए। एक दो मंजिला मकान भी देखते ही देखते जमीन में समा गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने घरों और जमीन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में करीब आठ लोगों के घायल होने की सूचना है। जिनका इलाज अलग-अलग स्वास्थ्य केंद्रों में चल रहा है। वहीं घटना के बाद बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब ढाई बजे स्थानीय कोयला खदान में ब्लास्टिंग के कुछ ही देर बाद जमीन में तेज कंपन महसूस हुई और देखते ही देखते बड़े क्षेत्र में जमीन फटने लगी। कई मकान अचानक धंस गए, जिससे लोगों में चीख-पुकार मच गई। जान बचाने के लिए लोग घरों से बाहर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर मलबे और धंसे हुए घरों से लोगों को बाहर निकाला। हादसे में करीब 08 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भेजा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय वार्ड संख्या 02 के पार्षद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने कहा कि खदान में लगातार की जा रही ब्लास्टिंग और भूमिगत खनन के कारण इलाके में यह हादसा हुआ है। लोगों ने बीसीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की है। वहीं पर प्रभावित एवं आसपास के लोग अपने बचेखुचे समान को लेकर सुरक्षित स्थान की ओर जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने उक्त स्थल को डेंजर जॉन घोषित कर बेरिकेडिंग कर दिया है।




