
नाबालिग लड़की की शादी रुकवायी गयी, बाल विवाह के खिलाफ प्रशासन ने की कार्रवाई
Palamu : हैदरनगर स्थित देवी धाम मंदिर में हो रहे एक विवाह कार्यक्रम को गुप्त सूचना के आधार पर रोक दिया गया। अग्रगति संस्था के प्रखंड समन्वयक चंदन मेहता, नीलम देवी एवं ममता देवी द्वारा मामले की जांच की गयी।
जांच के दौरान लड़के के पिता ने बताया कि उनके पुत्र की उम्र 24 वर्ष है। वहीं लड़की के पिता से पूछताछ में लड़की की पहचान बबीता कुमारी, पिता मुरारी राम, निवासी चेचरिया, प्रखंड उटारी रोड के रूप में हुई। जांच टीम ने लड़की के पिता से आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं स्कूल परिचय पत्र की मांग की।

इस दौरान उपलब्ध कराये गये आधार कार्ड में लड़की की उम्र 17 वर्ष पायी गयी। इसके बाद टीम ने बाल विवाह को तत्काल स्थगित करा दिया तथा परिजनों को सख्त निर्देश दिया कि कम उम्र में विवाह कराना कानूनन अपराध है। बाद में मामले को रेस्क्यू कर सीडब्ल्यूसी मेदिनीनगर भेज दिया गया।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लोगों को बाल विवाह निषेध कानून की जानकारी देते हुए टोल फ्री नंबर 1098 एवं 112 की जानकारी भी दी। मौके पर हैदरनगर देवी धाम मंदिर अध्यक्ष, प्रखंड समन्वयक चंदन मेहता, नीलम देवी, ममता देवी, सीओ, थाना प्रभारी, जिला परिषद सदस्य, सीडीपीओ एवं पंडित जी ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।



