नाली निर्माण की मांग को लेकर सोमवार को बीडीओ को ज्ञापन सौंपेंगे दीपक राज

Latehar : बरवाडीह स्थित पंचमुखी शिव मंदिर जाने वाले मार्ग पर नाली निर्माण नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के घरों से निकलने वाला गंदा और बदबूदार पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं सहित स्थानीय लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर जमा गंदे पानी से दुर्गंध फैल रही है और कई प्रकार की बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है। मजबूरी में लोगों को प्रतिदिन इसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी पंचमुखी शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को हो रही है। लोगों का कहना है कि सावन जैसे पवित्र महीने में भी गंदगी और जलजमाव के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ी।

आने वाले दिनों में रक्षाबंधन, दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व जैसे प्रमुख पर्व हैं। इन अवसरों पर मंदिर क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही काफी बढ़ेगी। ऐसे में समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो समस्या और गंभीर हो सकती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली निर्माण की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन से गुहार लगाई गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

बीडीओ को सौंपा जाएगा मांगपत्र

इस संबंध में बरवाडीह व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने कहा कि सोमवार को इस समस्या को लेकर बरवाडीह के बीडीओ को मांगपत्र सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि 15वें वित्त आयोग की योजना के अंतर्गत जल्द से जल्द नाली निर्माण कराने की मांग की जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को गंदगी व बदबूदार पानी से निजात मिल सके।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!