
नौबतपुर गैंगरेप कांड के विरोध में पत्रकारों ने निकाला कैंडल मार्च
कांड में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध अविलंब कड़ी कारवाई करे बिहार सरकार
Latehar : बिहार के नौबतपुर में लातेहार जिले के मनिका क्षेत्र की दो युवतियों के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय गेट के समीप पत्रकारों ने शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग की।
इस दौरान पत्रकारों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़िताओं को न्याय दिलाने की मांग उठाई।बताया गया कि गत 18 जून को लातेहार जिले की दो सगी बहनों के साथ बिहार के नौबतपुर में 13 लोगों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था।19 जून को मामला स्थानीय थाना पहुंचा, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
हालांकि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर कई तरह के सवाल उठाए जा रहे हैं।कैंडल मार्च में वरिष्ठ पत्रकार राजीव मिश्रा, नीरज सिन्हा, रामकुमार मिस्त्री, विवेक सिन्हा , संजय प्रजापति, बबलू खान, रूपेश अग्रवाल,,संतोष कुमार, निहित कुमार सहित अन्य पत्रकार मौजूद थे। सभी पत्रकारों ने एक स्वर में पीड़िताओं को न्याय और सभी दोषियों को कड़ी सजा की मांग की है।





