पांकी : गांधी जयंती पर नवडीहा वन पंचायत में हंगामा,पंचायत कर्मियों और वार्ड सदस्य में तीखी नोक-झोंक व हाथापाई, वीडियो हुआ वायरल
Ashish Gupta @ United Palamu
Palamu : पांकी प्रखंड क्षेत्र के नवडीहा वन पंचायत सचिवालय प्रांगण में 2 अक्टूबर को गांधी जयंती सह ग्राम सभा आयोजन के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पंचायत कर्मियों और वार्ड सदस्य के बीच तीखी नोक-झोंक हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि निलंबित स्वयंसेवक और वार्ड सदस्य के बीच हाथापाई तक की नौबत आ गई।

ग्राम सभा के दौरान बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती मनाने तथा ग्राम सभा के विशेष आयोजन को लेकर काफी संख्या में ग्रामीण पंचायत सचिवालय प्रांगण में उपस्थित हुए थे। कार्यक्रम के दौरान ही किसी विषय पर चर्चा के दौरान पंचायत कर्मियों और वार्ड सदस्य के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद गहरा गया और निलंबित स्वयंसेवक तथा वार्ड सदस्य आपस में भिड़ गए, जिसके बाद हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए मामले को शांत कराया। हालांकि, घटना के दौरान परिसर में मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे विवाद का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों ने जताई कड़ी नाराजगी
गांधी जयंती और ग्राम सभा जैसे गरिमामयी अवसर पर हुई इस घटना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि अहिंसा के प्रतीक महात्मा गांधी की जयंती के दिन पंचायत सचिवालय जैसे सार्वजनिक मंच पर इस तरह की अनुशासनहीनता और धक्का-मुक्की होना अत्यंत निंदनीय है। ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन व वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।




