
प्रधान जिला जज सह डीएलएसए अध्यक्ष ने किया मंडल कारा लातेहार का औचक निरीक्षण
लातेहार: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA), लातेहार शेष नाथ सिंह के द्वारा बुधवार को मंडल कारा लातेहार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल में बंद कैदियों की स्थिति, उन्हें मिल रही बुनियादी सुविधाओं तथा उनके मामलों की कानूनी प्रगति का जायजा लेना था।निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला जज ने जेल के विभिन्न वार्डों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कारा परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया तथा बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों को मेनू के अनुसार पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन नियमित रूप से उपलब्ध कराया जाए तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।उन्होंने बंदियों से सीधा संवाद कर उनके मुकदमों की स्थिति की जानकारी ली तथा यह भी जाना कि किसी को न्यायिक प्रक्रिया में कोई कठिनाई तो नहीं हो रही है। इस दौरान उन्होंने ऐसे बंदियों को चिन्हित किया जिनके पास निजी अधिवक्ता नहीं है।उन्होंने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के माध्यम से जरूरतमंद बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता एवं सरकारी वकील उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक कारणों से न्याय से वंचित न रहे।निरीक्षण के दौरान DLSA सचिव शिवम चौरसिया, जेल अधीक्षक प्रभात कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।




