
बंद घर का ताला तोड़ नकद व ज़ेवरात सहित लाखों की चोरी
Latehar : जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत बेसना गांव में अज्ञात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी गृहस्वामी गौरव कुमार सिन्हा को बुधवार रात तब हुई, जब वे रांची से अपने घर लौटे।
जानकारी के अनुसार, गौरव कुमार सिन्हा 22 जुलाई को पूरे परिवार के साथ निजी कार्य से रांची गए थे। 29 जुलाई की रात घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य ग्रिल का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसके बाद उन्हें चोरी की घटना का पता चला।
गृहस्वामी के अनुसार,चोर घर से करीब 120 ग्राम सोने के आभूषण, 400 ग्राम चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मनिका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने बताया कि सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा चोरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा जताया।




