
बॉक्साइट ट्रकों समेत 62 वाहनों की जांच, 16 का कटा चालान
Latehar : उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ सुलेमान मुंडारी तथा महुआडांड़ एवं नेतरहाट थाना प्रभारियों के संयुक्त नेतृत्व में गुरुवार को पकरी पाठ, टुटुआ चौक, नेतरहाट एवं महुआडांड़ थाना के सामने वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान बॉक्साइट ट्रकों सहित अन्य वाहनों के दस्तावेज एवं यातायात नियमों के अनुपालन की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कुल 62 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 16 वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई के तहत कुल 66,500 रुपये की राशि वसूल की गई।
जांच अभियान के दौरान सभी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों से सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की।





