
ब्राउन शुगर के साथ मां-बेटा गिरफ्तार, बाइक जब्त
Latehar : पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रजिस्ट्रेशन संख्या JH-19B-0755 वाली अपाची मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति बरवाडीह से ब्राउन शुगर खरीदकर बिक्री के उद्देश्य से पोखरी-कुटमू की ओर जा रहा है।
सूचना के आधार पर वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बरवाडीह के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने कुटमू मोड़ के पास वाहन जांच के दौरान अपाची मोटरसाइकिल सवार आरोपी को 6 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
पूछताछ एवं कार्रवाई के दौरान मामले में संलिप्त एक अन्य महिला सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार दोनों आरोपी मां-बेटे हैं। इनमें गोलू कुमार (पिता- सुनील चौरसिया) तथा उसकी मां चंचला देवी (पति- सुनील चौरसिया) शामिल हैं। दोनों ग्राम बरवाडीह, थाना बरवाडीह, जिला लातेहार के निवासी हैं।
इस संबंध में बरवाडीह थाना कांड संख्या 49/2026, दिनांक 24 जुलाई 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 एवं 27 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





