
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति : बैद्यनाथ राम
Sanjay prajapati @ united palamu

Latehar : राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड के कर्मठ एवं लोकप्रिय जनप्रतिनिधि थे। उनका यूं अचानक चले जाना न केवल संगठन, बल्कि पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी।
सांसद बैद्यनाथ राम ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। इस पीड़ा को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। जब भी उनसे मुलाकात होती थी, उनका व्यवहार बेहद आत्मीय और सहज होता था। उनका यही सहज एवं मिलनसार व्यक्तित्व उन्हें दूसरों से अलग बनाता था। अपने कार्य एवं संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण के कारण वे सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण और व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने इस विषम घड़ी में दिवंगत मंत्री के परिजनों से धैर्य बनाए रखने की अपील करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वहीं, झामुमो जिला अध्यक्ष लाल मोती शाहदेव ने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को एक संवेदनशील एवं कर्तव्यपरायण जनप्रतिनिधि के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। उनकी कमी हम सभी को सदैव खलेगी। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

शोक व्यक्त करने वालों में झामुमो नेता सुदामा प्रसाद गुप्ता,जिला कोषाध्यक्ष मनोज यादव,प्रखण्ड अध्यक्ष आर्सेन तिर्की,जिला प्रवक्ता सुशील कुमार यादव,प्रभात कुमार, अंकित पांडेय, दीपक कुमार, विशाल कुमार एवं रंजीत कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं।




